ग्वालियर: KRG गर्ल्स कॉलेज में असहज महसूस कर रही छात्राओं का प्रदर्शन: कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मुखर हुई, दो घंटे किया हंगामा, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
गर्ल्स कॉलेज में भी सुरक्षित नहीं छात्राएं,कॉलेज प्रशासन से भी प्रोफेसर पर कोई एक्शन नहीं लिए जाने से छात्राएं नाराज हैं
ग्वालियर केआरजी कॉलेज में एक छात्रा से प्रोफेसर द्वारा रेप करना और फेल करने की धमकी देकर एक साल तक शारीरिक शोषण करने से छात्राएं आक्रोशित हैं। छात्राओं ने दोपहर दो घंटे कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन कर हंगामा किया।
छात्राओं का आरोप है कि गर्ल्स कॉलेज में होने के बाद भी छात्राएं खुद को असहज महसूस कर रही हैं। यह पहली घटना नहीं है। इसके बाद भी कॉलेज प्रशासन आरोपी प्रोफेसर के मामले में चुप्पी साधे बैठा है। इसके बाद छात्राओं ने कॉलेज प्राचार्य को अपना ज्ञापन सौंपा है।
शहर में हाल ही में KRG में पढ़ने वाली BSc तृतीय वर्ष की छात्रा के साथ बायो टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के प्रोफेसर संतोष यादव ने शर्मसार कर देने वाली घटना को अंजाम दिया था। छात्रा के विरोध करने पर उसे फेल करने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म किया, छात्रा प्रोफेसर से लगभग एक साल से शरीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ना झेल रही थी।
आरोपी प्रोफेसर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उसकी पत्नी ने छात्रा के पिता पर दुष्कर्म व ब्लैकमेल की FIR दर्ज करा दी है। कॉलेज से भी प्रोफेसर पर कोई एक्शन नहीं लिए जाने से छात्राएं नाराज हैं। इसी घटना के विरोध में छात्राओं ने सोमवार की दोपहर कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन कर हंगामा किया।