किसान बना मसीहा, ट्रेक्टर टूटने के बावजूद बचाई 35 से अधिक जानें।
ग्राम लिलबारा में बाढ़ के बीच मसीहा बना एक किसान, ट्रैक्टर टूटने के बावजूद बचाई 35 से अधिक जानें
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के– कोलारस विधानसभा क्षेत्र के एक छोटे से गांव लिलबारा में बाढ़ की विभीषिका के बीच इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए किसान गिरिराज प्रजापति ने अपनी जान जोखिम में डालकर 35 से अधिक लोगों की जान बचाई।
बीते दिन अचानक आई बाढ़ की वजह से लिलबारा गांव में 15 महिलाएं, 8 से 10 बच्चे और लगभग 14 से 15 पुरुष फंसे हुए थे। जब प्रशासनिक मदद समय पर नहीं पहुंच सकी, तब गांव के ही निवासी गिरिराज प्रजापति, पुत्र खेरू राम प्रजापति, ने अपने ट्रैक्टर की ट्रॉली से सभी को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया।
राहत कार्य के दौरान बाढ़ के तेज बहाव और कीचड़ के कारण गिरिराज का ट्रैक्टर बीच में ही खराब हो गया, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह उन्होंने ट्रॉली को खींचकर और ट्रैक्टर को संभालते हुए सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
गांव वालों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर गिरिराज समय पर न पहुंचते, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। उनकी इस बहादुरी और सामाजिक समर्पण की सराहना पूरे क्षेत्र में की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन से ग्रामीणों की मांग है कि गिरिराज प्रजापति को इस साहसिक कार्य के लिए सम्मानित किया जाए और उनके क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर की मरम्मत अथवा आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।