करैरा / शिवपुरी : हनुमान धारा स्थित मुक्तिधाम की बदलेगी तस्वीर, सफाई अभियान का हुआ आगाज

Goonjta Bharat
0

 


हनुमान धारा स्थित मुक्तिधाम की बदलेगी तस्वीर, सफाई अभियान का हुआ आगाज

करैरा। नगर में हनुमान धारा के पास स्थित मुक्तिधाम अब जल्द ही नए रूप में नजर आएगा। सालों से यह मुक्तिधाम गंदगी, झाड़ियों से घिरा हुआ और जर्जर हालत में था। यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में जगह-जगह कीचड़ हो जाता था और साफ-सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी।

रविवार को नगर पालिका के सहयोग से मुक्ति धाम में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान परिषद के कर्मचारियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। पूरे परिसर में फैली गंदगी को हटाया गया, झाड़ियों की कटाई की गई और सालों से जमा कचरे को बाहर निकाला गया। सफाई के बाद मुक्तिधाम का माहौल काफी हद तक साफ और बेहतर नजर आया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मुक्ति धाम एक पवित्र स्थान है, जहां लोग अपने परिजनों को अंतिम विदाई देने आते हैं। ऐसे स्थान का साफ और सुव्यवस्थित होना बहुत जरूरी है। लंबे समय से लोग इसकी खराब हालत को लेकर शिकायत कर रहे थे। अब नगर परिषद द्वारा सफाई कराए जाने से लोगों में खुशी है और उम्मीद जगी है कि आगे भी यहां ध्यान दिया जाएगा।

नगर परिषद कर्मचारियों का कहना है कि यहां नियमित सफाई कराई जाएगी। रविवार को चलाए गए सफाई अभियान में नगर परिषद सफाई दरोगा सुभाष नरवारे, अजय नरवारे और जेसीबी चालक भरत यादव का विशेष सहयोग रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)