शिवपुरी के आकर्षित ने शतरंज प्रतियोगिता जीती, अब प्रदेश स्तर दिखाएंगे अपना हुनर।
श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्टेडियम में आयोजित हुई थी जिला एवं संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता।
शिवपुरी। खेलो एमपी युवा गेम्स का आयोजन 16 और 18 जनवरी को श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल मैदान में आयोजित की गई जिसमें शतरंज प्रतियोगिता में शिवपुरी आकर्षित शर्मा ने प्रतिद्वंदी प्रतिभागियों को पराजित कर अपना स्थान प्रदेश स्तर पर सुनिश्चित किया है। आकर्षित ने जिला स्तरीय और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद आयोजनकर्ताओं ने उनका नाम प्रदेश स्तर पर भेजा है। आकर्षित को जिला खेल अधिकारी डॉ. केके खरे, खेल विभाग के युवा समन्वयक कमल सिंह बाथम और वरिष्ठ खिलाड़ी गिरीश मिश्रा मामा ने मैडल पहनाकर सम्मानित किया। आकर्षित हैप्पीडेज स्कूल के छात्र हैं और उनके पिता डेविड शर्मा डांस क्लास का संचालन कर क्षेत्र की प्रतिभाओं को बड़े मंचों तक भेजने का कार्य करते हैं। आकर्षित पिछले कई वर्षों से शतरंज में अपना भाग्य आजमा रहे हैं और हाल ही में इंदारै, जयपुर और ग्वालियर में आयोजित हुई प्रतियोगिताओं में उन्होंने अपनी छाप छोड़ी। और प्रतियोगिताएं जीतकर शिवपुरी सहित स्कूल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। 16 जनवरी और 18 जनवरी को आकर्षित ने खेलो एमपी युवा गेम्स में भाग लेकर अपना हुनर दिखाया और दोनों ही प्रतियोगिताओं में उन्होंने जीत हासिल की। इसके बाद उनका चयन प्रदेश स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता के लिए हुआ है। आकर्षित ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता डेविड शर्मा और अपनी माँ को दिया है। वहीं हैप्पीडेज स्कूल के शिक्षकों को भी उन्होंने अपनी जीत का श्रेय दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के कुशल निर्देशन में ही वह आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। आकर्षित के प्रदेश स्तर पर चयन होने पर उनके परिवारजनों और ईष्टजनों सहित स्कूल प्रबंधन ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
