लुकवासा में भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा।
तय कार्यक्रम के अनुसार 12 से 14 अगस्त तक प्रत्येक ब्लॉक में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
शिवपुरी-स्वतंत्रता दिवस से पहले भारतीय जनता पार्टी ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा की शुरुआत कर दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार 12 से 14 अगस्त तक प्रत्येक ब्लॉक में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जबकि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराया जाएगा।
इसी क्रम में सोमवार को लुकवासा कस्बे में भाजपा की तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में करीब 500 बाइक सवार हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। यात्रा की अगुवाई भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, कोलारस विधायक महेन्द्र यादव, महामंत्री प्रमेंद्र सोनू विरथरे, लुकवासा मंडल अध्यक्ष हरिओम रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने की।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत नए पंचायत भवन से हुई और लगभग ढाई किलोमीटर तक बस्ती व बाजारों में भ्रमण किया गया। इस दौरान डीजे पर बजते देशभक्ति गीतों ने माहौल को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
भाजपा के अनुसार मंगलवार को जिला मुख्यालय शिवपुरी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।