तथागत फाउंडेशन 28 सितंबर को विशाल निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन करेगा।
गर्भाशय और स्तन कैंसर पर विशेष ध्यान, 'स्वस्थ नारी, सशक्त भारत' पहल के तहत होगा आयोजन।
शिवपुरी। तथागत फाउंडेशन शिवपुरी, कैंसर के प्रति जागरूकता और रोकथाम के अपने प्रयासों को जारी रखते हुए, 28 सितंबर को गायत्री पार्क, न्यू ब्लॉक में एक विशाल निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन कर रहा है। 'स्वस्थ नारी, सशक्त भारत' के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत आयोजित इस शिविर का मुख्य फोकस महिलाओं में होने वाले ब्रेस्ट कैंसर और यूट्रस कैंसर पर होगा।
इस शिविर के सह आयोजक आरोग्य भारती,गायत्री परिवार और स्वास्थ्य विभाग शिवपुरी हैं। इस शिविर में ग्वालियर के कैंसर चिकित्सालय एवं शोध संस्थान का महत्वपूर्ण योगदान है।
अनुभवी कैंसर विशेषज्ञ देंगे निःशुल्क परामर्श
इस शिविर में देश के प्रसिद्ध कैंसर रोग विशेषज्ञ, डॉ. बी.आर. श्रीवास्तव (संचालक, कैंसर चिकित्सालय एवं शोध संस्थान, ग्वालियर) अपनी टीम के साथ मौजूद रहेंगे। उनकी टीम में मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. गुंजन श्रीवास्तव, गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. रजनी अग्रवाल और आंकोलॉजी ई एन टी सर्जन डॉ. निधिशा अग्रवाल,डॉ नीति अग्रवाल शामिल हैं। ये विशेषज्ञ मरीजों की निःशुल्क जांच करेंगे और उनके उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन देंगे।
निःशुल्क जांच और रियायती दरों पर अन्य सुविधाएं
शिविर में महिलाओं के लिए स्तन कैंसर की जांच (मेमोग्राफी), गर्भाशय कैंसर के लिए पेप स्मीयर, और अन्य कैंसर के लिए एफएनएसी और बायोप्सी जैसी महत्वपूर्ण जांचें बिल्कुल निःशुल्क उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, डॉक्टरों की सलाह पर अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांचें भी रियायती दरों पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
पिछले कई वर्षों से सेवा में
तथागत फाउंडेशन के संरक्षक डॉ. पी.के. खरे और अध्यक्ष आलोक एम. इंदौरिया ने बताया कि तथागत फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से कैंसर के क्षेत्र में बिना किसी सरकारी अनुदान के काम कर रही है और दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे शिविरों का आयोजन करती रही है। इसका मुख्य उद्देश्य कैंसर का शुरुआती अवस्था में ही पता लगाना और जरूरतमंदों को उचित उपचार तक पहुंच प्रदान करना है।
शिविर का उद्घाटन सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक होगा, जिसके मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी होंगे और अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव करेंगे।
तथागत फाउंडेशन के सदस्यों - श्रीमती पुष्पा खरे, स्वेता गंगवाल, आकांक्षा गौड़, श्रीमती प्रीति जैन, श्रीमती नम्रता गौतम, भरत अग्रवाल, लवलेश जैन चीनू, हरवीर सिंह चौहान, राजेंद्र राठौर, संतोष शिवहरे, मथुरा प्रसाद गुप्ता, रवि गोयल, पंकज जैन, अजय राजपूत, राम गुप्ता, रामवीर गुर्जर, नीरज कुमार छोटू - ने सभी महिलाओं से इस महत्वपूर्ण शिविर का लाभ उठाने का अनुरोध किया है।
