शिवपुरी : गुना बायपास चौराहे पर बीते दिनों एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब एक बस का टायर अचानक गहरे गड्ढे में धंस गया। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से बस पलटने से बच गई और कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
यह चौराहा शिवपुरी की थीम रोड का हिस्सा होने के बावजूद, संबंधित विभाग या जिला प्रशासन द्वारा इस खतरनाक गड्ढे को अब तक संज्ञान में नहीं लिया गया है। इससे आम जनता में रोष और चिंता दोनों का माहौल है।
इसी बीच, लोकल ट्रक ऑपरेटर यूनियन ने इस स्थिति में मानवीय पहल दिखाते हुए स्वयंसेवी रूप से आगे आकर गड्ढे को भरवाया। यूनियन के जिला अध्यक्ष अब्दुल रफीक खान अप्पल और विवेक सिंघल, मुकेश राठोर, शाहिद खान, प्रदीप खटीक हुकुमचंद शिवहरे, अनवर खान लाले एवं उनकी पूरी टीम ने तत्परता दिखाते हुए इस कार्य को अंजाम दिया, जिससे एक बार फिर मानवता और सामाजिक ज़िम्मेदारी की मिसाल पेश की गई।
