बलराम धाकड़ बने मध्यप्रदेश पटवारी संघ, शिवपुरी के नए जिलाध्यक्ष।
करैरा: मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला शिवपुरी के जिलाध्यक्ष पद के लिए आज, दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को शिवपुरी में मतदान संपन्न हुआ। इस चुनाव में बलराम धाकड़ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गिर्राज हिंडौलिया को 133 मतों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की और संघ के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष बन गए।
शिवपुरी जिले की सभी आठ तहसीलों में पदस्थ पटवारियों ने मतदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह 10 बजे से शुरू हुई वोटिंग प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक जारी रही। कुल 600 मत संख्या में से 532 पटवारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
वोटिंग समाप्त होने के बाद हुई मतों की गिनती में, बलराम धाकड़ पटवारी को कुल 331 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिपक्ष गिर्राज हिंडौलिया को 198 मत मिले। बलराम धाकड़ ने 133 मतों के निर्णायक अंतर से यह चुनाव जीतकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया।
जीत के उपरांत, मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला शिवपुरी के नव निर्वाचित अध्यक्ष बलराम धाकड़ ने कहा कि यह जीत उन्हें पटवारी संघ के उत्थान और पटवारियों को आ रही समस्याओं को मुखरता से उठाने तथा उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने की प्रेरणा देगी। उन्होंने शिवपुरी जिले के समस्त पटवारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
