बाबा बागेश्वर धाम के पीठा धीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की कथा में महिला सुरक्षा पहल, हेल्प लाइन बोर्ड लगाए गए
शिवपुरी। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, शिवपुरी में आयोजित की जा रही बाबा बागेश्वर धाम की श्रीमद् भागवत कथा में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं। परियोजना 'महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल' के अंतर्गत संचालित महिला उत्पीड़न उन्मूलन पखवाड़े के तहत, 'सखी महिला कल्याण समिति' के पदाधिकारियों ने पुलिस विभाग के सहयोग से कथा स्थल पर दर्जनों हेल्प लाइन नंबर बोर्ड लगाए हैं।
सुरक्षित माहौल के लिए उठाया कदम
रागिनी फाउंडेशन के प्रशिक्षण प्राप्त सदस्यों और परियोजना के तहत गठित सखी महिला कल्याण समिति ने यह पहल की है। लगभग 65 बीघा क्षेत्र में आयोजित इस विशाल कार्यक्रम में महिला श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए, यह कदम सुरक्षा के लिहाज़ से बहुत महत्वपूर्ण है।
स्थान: बाबा बागेश्वर धाम श्री मद भागवत कथा कार्यक्रम स्थल, शिवपुरी। महिला उत्पीड़न उन्मूलन पखवाड़े के तहत महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना।
पंडाल के 6 द्वार और स्टालों पर बोर्ड
आयोजकों के अनुसार, कथा पंडाल में लगभग 6 प्रवेश और निकास द्वार हैं। सभी द्वारों के आस-पास, स्टाल एरिया में और पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित किए गए विभिन्न स्थानों पर ये हेल्प लाइन बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
कथा में बड़े नेताओं का आगमन
कथा के दौरान बड़े नेताओं का भी जमावड़ा देखा जा रहा है। कल, बाबा के दिव्य दरबार में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हाजिरी लगाई।
