बदहाल मनपुरा स्वास्थ्य केंद्र: 40 गाँवों की जिंदगी दाँव पर, जिलाधीश से गुहार।
शिवपुरी। (मनपुरा): जिले की पिछोर तहसील के अंतर्गत ग्राम मनपुरा में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की दयनीय स्थिति पर स्थानीय निवासियों ने चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधीश महोदय को एक ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग 1965 से संचालित यह केंद्र, जो कभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र था, अब प्रशासनिक उपेक्षा और राजनीतिक षड्यंत्रों के कारण केवल नाम का PHC रह गया है।
यह स्वास्थ्य केंद्र लगभग 30 से 40 गाँवों की आबादी को चिकित्सा सुविधा प्रदान करता है। ज्ञापन में बताया गया है कि केंद्र में पर्याप्त स्टाफ की कमी है, जिसके कारण मातृ स्वास्थ्य, दुर्घटना और सामान्य चिकित्सा के लिए आने वाले सैकड़ों मरीजों को अक्सर रिफर कर दिया जाता है, जिससे रास्ते में कई मरीजों की दुखद मौतें हो चुकी हैं।
निवासियों ने जिलाधीश से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी प्रमुख माँगें हैं:
शीघ्र सौंदर्गीकरण और नवीनीकरण, विशेषकर क्षतिग्रस्त स्टाफ आवासों का।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए संपूर्ण और स्थायी स्टाफ की उपलब्धता।
केंद्र पर हर समय एम्बुलेंस की व्यवस्था।
उत्तम नल, पानी और बिजली की व्यवस्था।
स्वास्थ्य केंद्र में कम से कम 30 बिस्तरों (बैड) की व्यवस्था सुनिश्चित करना।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
