शिवपुरी कलेक्ट्रेट में ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर की प्रेस वार्ता: विकास कार्यों का बखान, स्वास्थ्य व कानून व्यवस्था पर सवालों से घिरे।
शिवपुरी जिला कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को प्रभारी मंत्री एवं मध्य प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बैठक के बाद दोपहर 2 बजे प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान मंत्री ने सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की एक लंबी सूची गिनाई और सरकार की उपलब्धियों पर ज़ोर दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों पर प्रभारी मंत्री ने स्वीकार किया कि जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट, ईएनटी चिकित्सक और हड्डी के डॉक्टरों की कमी है। इसके साथ ही, जिला अस्पताल में पदस्थ एकमात्र न्यूरोसर्जन के श्योपुर ट्रांसफर होने के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह और उनकी सरकार इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं और जल्द ही समस्या के समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था और लोगों के न्याय के लिए आत्महत्या जैसे कदम उठाने पर मजबूर होने संबंधी गंभीर सवालों पर मंत्री तोमर ने जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को समय पर व उचित न्याय दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
कुपोषण की समस्या पर एक सवाल के जवाब में उनका कहना था कि उनकी सरकार कुपोषण को मिटाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
वहीं, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित कई राज्यों से ब्लैक लिस्टेड हुई कंपनी को स्मार्ट मीटर लगाने का ठेका देने के विवादास्पद विषय पर प्रभारी मंत्री ने अपना पक्ष रखा। उनका कहना था कि स्मार्ट मीटर और वर्तमान मीटर की रीडिंग में कोई अंतर नहीं है, और यदि ज़रूरत पड़ी तो इसका डेमो भी करा दिया जाएगा।
हालांकि, जब उनसे यह पूछा गया कि जब रीडिंग में कोई अंतर नहीं है तो फिर इन मीटरों को क्यों बदला जा रहा है, तो मंत्री तोमर इसका कोई ठोस और स्पष्ट कारण नहीं बता पाए।
