रिहायशी इलाके में तेंदुए की दहशत, लोग सहमे।
शिवपुरी- शिवपुरी शहर में तेंदुओं की बढ़ती आबादी और रिहायशी इलाकों में उनके लगातार दिखने से लोगों में दहशत का माहौल है। शनिवार रात, हवाई पट्टी क्षेत्र में एक तेंदुआ मृत गाय का मांस खाते हुए कैमरे में कैद हुआ। यह क्षेत्र शहर के करीब होने के कारण स्थानीय निवासियों में डर फैल गया है।
बाघों की मौजूदगी से जंगल से बाहर आ रहे तेंदुए
माधव टाइगर रिजर्व में बाघों की बढ़ती संख्या को तेंदुए के रिहायशी इलाकों में आने का मुख्य कारण माना जा रहा है। पार्क में वर्तमान में 7 बाघ और लगभग 200 तेंदुए मौजूद हैं। बाघों की मौजूदगी के कारण तेंदुए नए और सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जंगल से बाहर निकल रहे हैं, और हवाई पट्टी क्षेत्र अब उनका एक नया ठिकाना बन गया है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, पार्क प्रबंधन ने इलाके में चेतावनी पर्चे लगाए हैं।
आसानी से भोजन मिलने से बढ़ रही है आवाजाही
स्थानीय निवासियों के अनुसार, नगर पालिका और पशु मालिक अक्सर मृत मवेशियों को हवाई पट्टी क्षेत्र के नॉन कोल्हू पुलिया पर छोड़ देते थे। इस कारण तेंदुओं को यहां आसानी से भोजन मिलने लगा है, जिससे उनकी आवाजाही इस क्षेत्र में बढ़ गई है। पहले जहां लोग सुबह-शाम इस इलाके में टहलने आते थे, अब तेंदुओं के डर से यहां सन्नाटा पसरा रहता है।
अन्य इलाकों में भी बढ़ रही गतिविधियां
यह पहली घटना नहीं है, जब शिवपुरी में तेंदुए रिहायशी इलाकों में देखे गए हैं। कुछ दिन पहले, सतनबाड़ा-नरवर मार्ग पर भी तीन तेंदुए एक साथ देखे गए थे। पुलिस वैन में मौजूद कर्मियों ने उन्हें सड़क पार करते हुए अपने कैमरे में कैद किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेंदुओं की गतिविधियां आम हो गई हैं, जिससे लोगों में खतरा बढ़ गया है।