भव्य तैयारी! शिवपुरी में 1 नवंबर को निकलेगी बाबा खाटू श्याम की विशाल शोभायात्रा, सजेगा तीन ट्रॉलियों का अलौकिक दरबार।
शिवपुरी। ओम श्री श्याम सेवा समिति द्वारा बाबा खाटू श्याम की जयंती 1 नवंबर को धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर शहर के प्रमुख मार्गों से एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए राधा श्याम सेवा सदन महल रोड पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिर्राज शर्मा ऐंचबाडा ने बताया कि शोभायात्रा दोपहर 12:00 बजे खेड़ापति हनुमान मंदिर से शुरू होगी। यह काली माता मंदिर, गुरुद्वारा रोड, राजेश्वरी रोड होते हुए माधव चौक पहुंचेगी। माधव चौक पर विशाल भंडारे और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण:
पहला ट्रोला: इस पर बाबा खाटू श्याम जी का भव्य मंदिर बनाया जाएगा, जिसमें बाबा का दरबार सजेगा।
दूसरा ट्रोला: इस पर निधिवन में रास लीला का सुंदर दृश्य प्रदर्शित किया जाएगा।
तीसरा ट्रोला: इस पर गायक कलाकारों की टीम बाबा खाटू श्याम जी के मनमोहक भजन-संकीर्तन करेंगी।
भव्य स्वागत: शोभायात्रा के मार्ग में चार स्थानों पर बाबा खाटू श्याम जी का आतिशबाजी और फूल-पत्तियों से भव्य स्वागत किया जाएगा।
समिति ने शहर के सभी श्याम प्रेमियों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
