ट्रक की टक्कर से कार सिंध डैम में गिरी, ग्रामीणों ने पानी में कूदकर बचाया कोटा का परिवार।
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमोला थाना क्षेत्र के सिंध डैम के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक कार को टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर सीधे डैम के गहरे पानी में जा गिरी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद कुछ जांबाज ग्रामीणों ने तुरंत पानी में छलांग लगाकर कार में फंसे एक ही परिवार के चार सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सत्संग में शामिल होने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, कोटा (राजस्थान) निवासी शैलेंद्र सिंह हांडा अपनी पत्नी रेखा कंवर और बच्चों नोदिघ हांडा व देवदत्त हांडा के साथ कार में सवार होकर उरई (झांसी) में बाबा जयगुरुदेव के सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
अमोला पुल के पास हुआ हादसा
बताया गया कि जैसे ही उनकी कार अमोला पुल पार कर क्रेशर के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को जोर से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बेकाबू होकर सीधे सिंध डैम के पानी में समा गई।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान, वहां मौजूद ग्रामीण गोपाल परिहार, सुखदेव लोधी, मनोज कलावत और राकेश मिस्त्री ने बिना किसी देरी के अपनी जान जोखिम में डालकर डैम में कूद गए। इन जांबाज ग्रामीणों ने डूबती हुई कार में फंसे शैलेंद्र सिंह हांडा, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने समय पर तत्परता दिखाते हुए परिवार की जान बचाने वाले इन बहादुर ग्रामीणों की जमकर सराहना की है। उनकी बहादुरी और साहस की वजह से एक पूरा परिवार बाल-बाल बच गया।
