शिवपुरी : पटाखे चलाने की बात पर शिवपुरी में खूनी संघर्ष, बीच-बचाव करने आए पत्नी और ताऊ भी पीटे गए; क्रॉस FIR दर्ज।

Goonjta Bharat
0

 


पटाखे चलाने की बात पर शिवपुरी में खूनी संघर्ष, बीच-बचाव करने आए पत्नी और ताऊ भी पीटे गए; क्रॉस FIR दर्ज।

​शिवपुरी। शिवपुरी के ठकुरपुरा इलाके में घर के बाहर पटाखे चलाने की मामूली बात को लेकर दो पड़ोसी पक्षों में बीती रात भीषण मारपीट हो गई। इस झगड़े में कई लोग घायल हुए हैं। झगड़ा रोकने आए एक पक्ष की पत्नी और ताऊ को भी पीटा गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस एफआईआर (Cross FIR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ​घटना बीती रात करीब 10:30 बजे की है।


पहले पक्ष की शिकायत:

फरियादी अमन जाटव (20), निवासी ठकुरपुरा, ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अमन के अनुसार, जब वह घर में पूजा कर रहे थे, तभी पड़ोसी अनिल जाटव, मौनू जाटव, और अमर सिंह जाटव उनके घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। अमन ने जब उन्हें मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडों से हमला कर दिया। अमन का आरोप है कि उन्हें बचाने आईं उनकी पत्नी कनक जाटव और ताऊ कल्यान जाटव के साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने जीतू जाटव और निकिता जाटव पर भी हमले का आरोप लगाया है। फरियादी ने सभी आरोपियों पर रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।


दूसरे पक्ष की शिकायत:

वहीं, दूसरे पक्ष के अनिल सगर (28), निवासी ठकुरपुरा, ने भी कोतवाली थाने में क्रॉस शिकायत दर्ज कराई है। अनिल ने बताया कि वह रात करीब 10:30 बजे गली में पटाखे चला रहे थे, तभी पड़ोसी अमन जाटव, गजेंद्र जाटव, कल्यान जाटव और धर्मवीर जाटव उन्हें रोकने लगे। अनिल के मना करने पर इन चारों ने गाली-गलौज की और डंडों से मारपीट की। अनिल का आरोप है कि इस दौरान उनकी बहन निकिता और जीतू को भी चोटें आईं और झगड़े में उनकी स्कूटी भी तोड़ दी गई।


पुलिस ने दर्ज की क्रॉस एफआईआर

​दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)