शिवपुरी : 40 देशों से आएंगे श्रद्धालु, शिवपुरी में सजेगा ‘गुड़ी पड़वा महा महोत्सव’

Goonjta Bharat
0


 40 देशों से आएंगे श्रद्धालु, शिवपुरी में सजेगा ‘गुड़ी पड़वा महा महोत्सव’

शिवपुरी। धर्म, संस्कृति और सेवा का अद्भुत संगम शिवपुरी की पावन धरा पर साकार होने जा रहा है। आगामी 19 मार्च से हवाई पट्टी के पीछे नर्सरी ग्राउंड पर श्री खेड़ापति सरकार के सानिध्य में ‘गुड़ी पड़वा महा महोत्सव’ का भव्य आयोजन होगा। आयोजन की शुरुआत भूमि पूजन एवं यज्ञ के साथ हुई, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में रंग गया।

विश्व फलक पर चमकेगी शिवपुरी की भक्ति

महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि विश्व विख्यात कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार कथा श्रवण के लिए लगभग 40 देशों से श्रद्धालु शिवपुरी पहुंचेंगे, जिससे यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्वरूप ले रहा है।

मुख्य आकर्षण

खेड़ापति दरबार के महंत मोहित दास महाराज एवं महामंडलेश्वर नीलमणि दास ने प्रेस वार्ता में आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।

ऋषिकेश की तर्ज पर महाआरती: प्रतिदिन शाम 7:30 बजे भव्य महाआरती होगी। इसके लिए ऋषिकेश से 11 विद्वान ब्राह्मण आमंत्रित किए गए हैं।

नवरात्रि विशेष आयोजन: कथा स्थल पर 9 देवियों के अस्थायी शक्तिपीठ स्थापित किए जाएंगे।

सामूहिक विवाह: सामाजिक सरोकार निभाते हुए 11 निर्धन कन्याओं का भव्य विवाह कराया जाएगा तथा उन्हें गृहस्थी का आवश्यक सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

विशेष यज्ञ व भंडारा: श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था रहेगी। एक दिवसीय विशेष यज्ञ में शामिल होने के लिए आधार कार्ड के साथ पंजीयन अनिवार्य रहेगा।

सुरक्षा व व्यवस्था के व्यापक इंतजाम

विशाल जनसमूह को देखते हुए 25 समितियों का गठन किया गया है। लगभग 2500 स्वयंसेवक सेवा कार्य में जुटे रहेंगे। सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा और यातायात के विशेष प्रबंध किए गए हैं।

भक्ति में रंगी शहर की सड़के

भूमि पूजन के उपरांत परशुराम सेना दल द्वारा भव्य वाहन रैली निकाली गई। झांसी तिराहा से माधव चौक, राजेश्वरी रोड और कोर्ट रोड होते हुए कथा स्थल तक पहुंची रैली में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। “जय श्री राम” के जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा।

महामंडलेश्वर नीलमणि दास एवं महंत मोहित दास महाराज की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य नागरिक एवं संत महात्मा मौजूद रहे।

गुड़ी पड़वा महा महोत्सव को लेकर शिवपुरी में व्यापक उत्साह है और आयोजकों का दावा है कि यह आयोजन जिले के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)